नहटौर । शनिवार को नूरपुर रोड स्थित वी के इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में दंत चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने कंप्यूटर एवं अन्य विषयों से संबंधित मॉडल, कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों ने यातायात के नियमों पर मॉडल, कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों ने प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित मॉडल तथा कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों ने मानव शरीर के विभिन्न अंगों से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं तकनीकी विषयों पर तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक परियोजनाओं पर आधारित मॉडल तैयार किए। विद्यालय प्रबंधक शिल्पी कुमार अग्रवाल एवं विद्यालय प्रधानाचार्या प्रेरणा चौधरी ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं रचनात्मकता को बढ़ावा मिलता है।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteइस अवसर पर विद्यालय में दंत चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें दंत चिकित्सक डॉ. गीत चौहान ने विद्यार्थियों के दांतों का परीक्षण किया तथा उन्हें दांतों की उचित देखभाल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल, नहटौर में अंतर-सदनीय कैरम बोर्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें वी के इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने भी प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसमें कक्षा 6वीं के छात्र हमदान ने प्रथम पुरस्कार के रूप में 1500 रुपए और कक्षा 6वीं की छात्रा ओजस्वी चौधरी ने द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1100 रुपए प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।विद्यालय प्रधानाचार्या प्रेरणा चौधरी ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।