सोनभद्र। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा होने के बाद जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री वितरण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। प्रशासनिक टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने में जुटी हैं।जिन क्षेत्रों में घरों के आसपास बारिश का पानी जमा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जलनिकासी कराई जा रही है। प्रशासनिक टीमों के साथ विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं। अंबेडकर नगर और शक्तिनगर क्षेत्र में प्रभावित परिवारों के बीच लंच पैकेट और राशन पैकेट वितरित किए जा रहे हैं, ताकि जलभराव के बीच लोगों को भोजन और जरूरी खाद्य सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े। वहीं प्रभावित गांवों और बस्तियों में लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है। बारिश के पानी से बाधित और कचरे-मिट्टी से चोक नालियों की सफाई का काम तेज कर दिया गया है। जहां जरूरत पड़ रही है, वहां मशीनों की मदद से पानी और मलबा हटाया जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/जिससे जलनिकासी व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके। भारी बारिश के कारण सड़कों पर जमा मिट्टी और मलबे को जेसीबी एवं पोकलेन मशीनों से हटाया जा रहा है। इसी क्रम में औड़ी मोड़ से शक्तिनगर गेट तक क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़क के हिस्सों में गिट्टी डालकर गड्ढे भरने तथा मरम्मत का काम कराया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि इससे प्रभावित मार्ग पर आवागमन को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत, जलनिकासी, सफाई, खाद्य सामग्री वितरण और सड़क मरम्मत में किसी तरह की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की जरूरतों का तत्काल संज्ञान लेकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और जलनिकासी के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। जिला प्रशासन के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन और मशीनरी लगाकर राहत कार्यों को और तेज किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहें तथा लाउडस्पीकर एवं अन्य माध्यमों से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क रहें।