शक्तिनगर, सोनभद्र। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक युवक की 15 हजार रुपए की धनराशि वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताते हुए सराहना की।पुलिस के अनुसार, एनटीपीसी कॉलोनी शक्तिनगर निवासी देवेंद्र सिंह के साथ अज्ञात व्यक्ति ने साइबर फ्रॉड कर 15 हजार रुपए की धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही साइबर क्राइम टीम सक्रिय हुई और संबंधित बैंक से पत्राचार कर ठगी की रकम को तत्काल होल्ड कराया गया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने ठगी की पूरी धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने के बाद देवेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अपर पुलिस अधीक्षक और शक्तिनगर साइबर क्राइम पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। धनराशि वापस कराने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक एवं साइबर प्रभारी रंजीत कुमार, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव तथा महिला कांस्टेबल नीलम सिंह शामिल रहीं। शक्तिनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ आधार, पैन, बैंक खाता, नेट बैंकिंग संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा ओटीपी साझा न करें। किसी परिचित के नाम या मोबाइल नंबर का हवाला देकर मांगी गई बैंकिंग जानकारी भी साझा करने से बचें। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में ऑनलाइन आवेदन 24 अगस्त तक
सोनभद्र। मत्स्य विभाग की ओर से संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक पात्र आवेदक 14 अगस्त से 24 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।योजना के तहत मध्याकार आरएएस, रियरिंग यूनिट, बैकयार्ड आरएएस, जलाशयों में मत्स्य अंगुलिका संचय तथा पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए आजीविका एवं पोषण संबंधी सहायता परियोजनाओं को शामिल किया गया है। विभाग के अनुसार योजना के अंतर्गत परियोजनाओं का विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया तथा आवेदन के साथ लगाए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक निर्धारित अवधि में पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, द्वितीय तल, विकास भवन, सोनभद्र में संपर्क किया जा सकता है।