शेरकोट । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शेरकोट नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘हम’ वेलफेयर सोसायटी एवं युवा तिरंगा यात्रा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में युवा, स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से नगर का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर तथा तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। युवाओं में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई युवा अपने दुपहिया वाहनों पर तिरंगा लगाकर यात्रा में शामिल हुए और पूरे जोश के साथ भारत माता के जयकारे लगाए।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/आयोजकों ने लोगों से राष्ट्रध्वज का सम्मान करने, देश की एकता और भाईचारे को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने देश की तरक्की और मजबूत राष्ट्र निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
तिरंगा यात्रा में जाकिर अब्बासी, डॉ. सोहराब, सुहैल इदरीसी, मनोज शर्मा, अमिष रस्तौगी, सुमित वर्मा, इजहार शकाफत, एस. भारती, गुफरान राजा, नबी नाजिम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के विभिन्न स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत किया। पूरे नगर में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।