(पठानकोट): कंडी क्षेत्र के धार ब्लॉक अंतर्गत दुनेरा इलाके में पिछले चार दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे बौखलाए स्थानीय निवासियों ने दुनेरा के फंगोता चौक पर पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल सुमेल दीन, कोमल शर्मा, बिट्टू पठानिया, अरविंद महाजन, शांति भरमोरिया, रघु शर्मा, शुभम शर्मा, मंजीत सिंह, पिंकू संबियाल, उषा देवी और सुषमा देवी सहित अन्य लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से बिजली न आने और बेहद कम वोल्टेज मिलने के कारण इलाके में पीने के पानी की सप्लाई ठप हो गई है, दुकानदारों का कारोबार ठप्प पड़ा है तथा बरसात के दिनों में रात भर अंधेरा रहने से जहरीले कीड़ों-मकोड़ों का खतरा लगातार बना हुआ है।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/लोगों का कहना है कि ऐसी आपात स्थिति में विभाग को जनरेटर का प्रबंध कर कम से कम पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का जल्द स्थायी हल न निकाला गया तो वे पठानकोट-चंबा नेशनल हाईवे पर उग्र प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। वहीं, दूसरी ओर 33 केवी सब स्टेशन दुनेरा के कनिष्ठ अभियंता (JE) अमित कुमार ने बताया कि दुनेरा बिजली घर का मुख्य ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से फिलहाल 66 केवी सब स्टेशन धारकलां के भटवां फीडर से अस्थाई (Temporary) सप्लाई दी जा रही है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी; हालांकि इसी तरह पास के हरियाल क्षेत्र में भी पिछले तीन दिनों से बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है।