बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की सफेद धातु की जंजीर, अंगूठी और 5,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथी के साथ मिलकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मोहम्मदपुर खाला पुलिस टीम ने छह अगस्त को थाना क्षेत्र से चंदू पुत्र बृजबिहारी निवासी मगदापुर, थाना थानगांव, जिला सीतापुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान चंदू के पास से एक सफेद धातु की जंजीर, एक सफेद धातु की अंगूठी और 5,700 रुपये नकद बरामद हुए।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि चंदू अपने साथी राकेश कोरी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपियों ने मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम केसरई में 22 जून को चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में दर्ज मुकदमे से संबंधित जंजीर और अंगूठी बरामद की गई हैं। इसके अतिरिक्त, चंदू और राकेश कोरी ने मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम पारा में सात मई और 20 मई को चोरी की दो अलग-अलग वारदातें की थीं। उन्होंने बड्डुपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहा में 18 जून को और फतेहपुर थाना क्षेत्र के कस्बा फतेहपुर के नालापार दक्षिणी इलाके में पांच मई को भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी चंदू के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहीं, चोरी की इन घटनाओं में शामिल दूसरे आरोपी राकेश कोरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।