म्योरपुर (सोनभद्र)। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन बैंककर्मी घायल हो गए। राहत की बात रही कि सभी को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।जानकारी के अनुसार बीजपुर के रजमिलान स्थित केनरा बैंक में कार्यरत अखिलेश कुमार सिंह, अमित कुमार और गौरव यादव गुरुवार सुबह रेणुकूट से बैंक ड्यूटी के लिए कार से बीजपुर जा रहे थे।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ सुबह करीब नौ बजे म्योरपुर थाना क्षेत्र के बबनडीहा गांव के पास मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर वे एक ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से अचानक एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।