बीना, सोनभद्र। एनसीएल की जयंत परियोजना स्थित कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) क्षेत्र में लगातार हो रही लोहे की चोरी के मामले का पुलिस और एनसीएल सुरक्षा विभाग ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का लोहे का कबाड़, एंगल, रोलर तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, जयंत परियोजना के सीएचपी क्षेत्र से काफी समय से लोहे की सामग्री चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एनसीएल सुरक्षा विभाग ने विशेष निगरानी अभियान चलाया था। इसी दौरान सूचना मिली कि सीएचपी क्षेत्र के समीप रेलवे पटरी किनारे रहने वाले राधे सोनी के घर में चोरी का लोहे का सामान रखा गया है। सूचना के आधार पर सुरक्षा विभाग ने जयंत पुलिस चैकी को अवगत कराया।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से सीएचपी से चोरी किए गए लोहे के एंगल, रोलर तथा अन्य कबाड़ बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की अन्य घटनाओं में कौन-कौन शामिल है और चोरी का सामान कहां खपाया जाता था। वहीं एनसीएल सुरक्षा विभाग ने बताया कि परियोजना क्षेत्र में चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ की गई है। इस कार्रवाई के बाद एनसीएल परियोजना क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस और सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परियोजना क्षेत्र में चोरी, कबाड़ तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।