बीजपुर,सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में आयोजित तीन दिवसीय डीएवी जोनदृडी बालिका खेल प्रतियोगिता का गुरुवार को सोनशक्ति स्टेडियम में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डीएवी अनपरा ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि डीएवी ओबरा दूसरे और डीएवी खड़िया तीसरे स्थान पर रहा।समापन समारोह के मुख्य अतिथि एनटीपीसी रिहंद परियोजना के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी तथा डीएवी जोनदृडी की एआरओ संध्या पांडे उपस्थित रहीं। लगातार हो रही सावन की फुहारों के बीच छात्राओं ने हाई जंप, ट्रिपल जंप, लॉन्ग जंप, रिले रेस, वॉलीबॉल, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और योग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।read more:https://pahaltoday.com/jan-adhikar-party-demands-caste-census-and-other-measures/एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागी छात्राओं और खेल अधिकारियों को स्मृति-उपहार एवं टी-शर्ट भी वितरित किए गए। मुख्य अतिथि संजय असाटी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक आर.के. झा ने अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों तथा एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर मानव संसाधन विभाग के प्रमुख राजेश बोईपाई, डीएवी विद्यालयों की प्राचार्य रचना दुबे, दीपा शरण, दीपा पांडे, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य अनुराग प्रकाश, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट आलोक कुमार चैधरी, के.के. सिंह, अभिभावक प्रतिनिधि हरिओम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संदीप दुबे तथा कक्षा 11 की छात्रा एनी नाज और छात्र अंश सिंह ने किया।