मौसम की मार से फीकी रही नगर निगम की जनसुनवाई, पांच शिकायतें पहुंचीं, एक का मौके पर समाधान

Share

सहारनपुर। लगातार खराब मौसम का असर मंगलवार को नगर निगम की साप्ताहिक जनसुनवाई पर भी देखने को मिला। बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण जनसुनवाई में आम दिनों की अपेक्षा बेहद कम फरियादी पहुंचे। कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वार्ड-58 लोहा बाजार निवासी नवीन ने मंदिर की भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे को हटवाने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने प्रवर्तन दल प्रभारी को मौके पर निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वार्ड-02 सोनिया विहार निवासी प्रमोद सैनी ने गली नंबर-8 में नाली की सफाई न होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपर नगरायुक्त ने तत्काल क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक एवं सफाई मित्रों की टीम को मौके पर भेजा, जिसके बाद नाली की सफाई कराकर समस्या का तुरंत समाधान कराया गया।read more:https://pahaltoday.com/gajmitra-and-haathi-mero-saathi-will-join-forces-to-resolve-the-human-elephant-conflict-along-the-india-nepal-border/ वार्ड-58 गालिब रसूल क्षेत्र स्थित चंडीगढ़ पैलेस निवासी बिलाल अहमद ने गटर की सफाई एवं पेयजल पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत दर्ज कराई। इस पर अवर अभियंता (जल) को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वार्ड-27 हरदेव नगर स्थित माता गदानंद मंदिर परिसर में लंबे समय से बंद पड़े सबमर्सिबल पंप को चालू कराने की मांग भी जनसुनवाई में उठाई गई। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान मुख्य अभियंता (निर्माण) सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, महाप्रबंधक (जल) पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *