म्योरपुर, सोनभद्र। विश्व आदिवासी दिवस के सफल आयोजन को लेकर रविवार को म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत आरंगपानी स्थित काशी कुंड में आदिवासी सहयोग समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की संरक्षक रामरति पोया ने की।
बैठक में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस को भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्य कार्यक्रम आरंगपानी के बरवाटोला स्थित पंचायत भवन परिसर में आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों की सहभागिता रहेगी। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने समाज की संस्कृति, परंपरा, भाषा, अधिकारों एवं सामाजिक एकजुटता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष हरिप्रसाद सलबंधी, मंत्री, कोषाध्यक्ष गिरधर गोपाल, सचिव देवनारायण पोया, कार्यक्रम आयोजक राजू कुमार गुप्त, अनिल कुमार पोया सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने का संकल्प लेते हुए क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/
महुआ के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला 16 वर्षीय किशोरी का शव
म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के सूपाचुआ गांव में शनिवार शाम 16 वर्षीय किशोरी का शव घर से करीब 200 मीटर दूर महुआ के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।जानकारी के अनुसार, सूपाचुआ निवासी मनोहर की 16 वर्षीय पुत्री सीमा का शव गांव के बाहर महुआ के पेड़ से लटका मिला। घटना का पता उस समय चला जब उसकी मां शनिवार शाम करीब छह बजे बाजार से लौट रही थीं। रास्ते में उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्राम प्रधान रामनारायण के अनुसार, सीमा पिछले करीब 20 दिनों से अपनी मौसी के घर छत्तीसगढ़ में रह रही थी और घटना से दो दिन पहले ही गांव लौटी थी। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। म्योरपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से दी गई लिखित तहरीर में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।