स्योहारा (बिजनौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्योहारा में अधीक्षक डॉ. बी.के. स्नेही की अध्यक्षता में आशा क्लस्टर बैठक आयोजित की गई। बैठक में चार संगिनियों के क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।अधीक्षक डॉ. बी.के. स्नेही ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की अवधि 10 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने सभी आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे 10 अगस्त तक घर-घर भ्रमण कर शत-प्रतिशत परिवारों को आच्छादित करें तथा संदिग्ध मरीजों की जानकारी ई-कवच पोर्टल पर दर्ज करें। साथ ही एंटोमोलॉजी सर्वे की रिपोर्ट भी समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए।बैठक में कार्यों की समीक्षा के दौरान दो चिन्हित निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं को कार्य में सुधार लाने के लिए कड़ी चेतावनी दी गई।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/ अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि यदि उनके कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो नियमानुसार उनकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को संस्थागत प्रसव बढ़ाने, परिवार नियोजन एवं नसबंदी कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी निर्माण, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी), एचपीवी टीकाकरण, वेब परिवार अपडेट, नियमित टीकाकरण, वीएचआईआर (VHIR) तथा ई-कवच पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान लैब टेक्नीशियन स्नेहलता ने आशा कार्यकर्ताओं को मलेरिया जांच किट के माध्यम से जांच करने का प्रशिक्षण दिया तथा सभी को जांच किट वितरित की गई, जिससे वे गांवों में दस्तक अभियान के दौरान मलेरिया की जांच कर रिपोर्टिंग कर सकें।
बीपीएम शालिनी बिश्नोई ने प्रत्येक आशा कार्यकर्ता की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए बताया कि चिन्हित दो आशाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि तीन नोटिस के बाद भी कार्य में सुधार नहीं होने पर ग्राम प्रधान एवं ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति को पत्र भेजकर नई आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।बैठक में हेल्थ सुपरवाइजर राजेश कुमार, वीर सिंह, एआरओ आलोक कुमार, लैब टेक्नीशियन स्नेहलता, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर मोहम्मद मुस्तकीम, आयुष्मान मित्र शुभम, फार्मासिस्ट योगेश कुमार, प्रदीप रावत, हरीश कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर राशि एवं अनम सहित संगिनियां और सभी आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।