पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का वांछित आरोपी घायल, गिरफ्तार

Share

जनपद में अपराध और गौकशी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गौकशी के एक वांछित आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक जीवित गोवंश, गौकशी के उपकरण, अवैध तमंचा, कारतूस और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस कांबिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और गौकशी की घटनाओं की रोकथाम के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मल्हीपुर रोड स्थित तालाब के सामने आम के बाग में कुछ लोग गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का दावा है कि मौके पर तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।readmore:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नफीस उर्फ काला पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम सैय्यद माजरा, थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाना कोतवाली देहात में दर्ज गौवध निवारण अधिनियम के एक मामले में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ गौकशी, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट और मुठभेड़ सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में जनपद के अलग-अलग थानों में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण, एक जीवित गोवंश और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *