सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र में पेटी कॉन्ट्रेक्टर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने नगर पंचायत अनपरा के अध्यक्ष, उनके पुत्र सहित छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। आरोपितों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाली जा रही है।पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जनपद के सैदपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार सिंह की तहरीर पर अनपरा थाना में अपराध संख्या 167/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनका पुत्र पियूष सिंह अनपरा कॉलोनी स्थित आवास में परिवार के साथ रहकर नगर पंचायत में पंजीकृत ठेकेदारों के लिए पेटी कॉन्ट्रेक्टर के रूप में कार्य करता था। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष विसराम प्रसाद बैसवार, उनके पुत्र स्वतंत्र बैसवार उर्फ संजय बैसवार, नगर पंचायत के बड़े बाबू गनेश तिवारी, ठेकेदार अनुप सिंह, सच्चिदानन्द सिंह तथा सवितानन्द सिंह लगातार भुगतान रोककर उसे आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। तहरीर के मुताबिक, पियूष सिंह ने कई बार बकाया भुगतान की मांग की और आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आत्महत्या तक की बात कही थी।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/आरोप है कि इसके बावजूद उसे भुगतान नहीं किया गया और कथित तौर पर कहा गया कि आत्महत्या के बाद ही परिवार को भुगतान मिलेगा। प्रदीप कुमार सिंह का आरोप है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न, धमकी और भुगतान न मिलने से परेशान होकर उनके पुत्र पियूष सिंह ने 22-23 जुलाई 2026 की रात अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान आरोपितों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल (सीडीआर) की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर मामले में अनपरा नपं अध्यक्ष समेत सभी आरोपियों से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। लिहाजा आरोपियों का पक्ष नहीं लिया जा सका।