बड़हलगंज। नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में उठे विरोध की गूंज अब बड़हलगंज तक पहुंच गई है। बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और परीक्षा प्रणाली में सुधार की अपील की।उपनगर के अंबेडकर चौराहे पर भीम सेवा आश्रम से जुड़े शैलेन्द्र बौद्ध, इन्द्रजीत बाल्मीकि, अजीत त्रिपाठी, चन्दन राना, जितेन्द्र, प्रवीण विश्वकर्मा, विशाल तिवारी, ज्ञान प्रकाश, धीरज भारती सहित कई छात्र-छात्राएं एकत्र हुए। वे हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे। छात्रों ने अंबेडकर चौराहे से आर्यनगर, कॉलेज रोड, पटना चौराहा और बाइपास मार्ग होते हुए जुलूस निकाला।read more:https://khabarentertainment.in/khadiya-bazar-kota-road-becomes-a-death-trap-commuters-plagued-by-potholes-and-waterlogging/ यह जुलूस वापस बस स्टेशन स्थित अंबेडकर चौराहे पर समाप्त हुआ, जहां एक सभा का आयोजन किया गया।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, दोषियों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के भविष्य का आधार होती हैं। यदि इनकी निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे तो छात्रों का मनोबल टूटेगा और उनकी वर्षों की मेहनत व्यर्थ हो जाएगी। छात्रों ने सरकार से परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस और जवाबदेह कदम उठाने की अपील की।प्रदर्शन को देखते हुए बड़हलगंज पुलिस पूरे समय सतर्क रही। जुलूस के आगे और पीछे पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिससे कानून-व्यवस्था सामान्य बनी रही। शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन और सभा संपन्न होने के बाद छात्र अपने घरों को लौट गए