कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण पर हिंदू संगठनों का हमला

Share

सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को हिंदू जागरण मंच कार्यालय पर विभिन्न हिंदू संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के आदेश का स्वागत करते हुए प्रशासन से उसे तत्काल प्रभाव से लागू कराने की मांग की गई। साथ ही मस्जिद प्रकरण पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी की आलोचना करते हुए न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने की अपील की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बजरंग दल के पूर्व प्रांत अध्यक्ष विकास त्यागी ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर जैसे अति संवेदनशील सरकारी परिसर में वर्षों से कथित अवैध निर्माण और मस्जिद का संचालन गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय ने उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर निर्णय दिया है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।read more: https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/उन्होंने कहा कि न्यायालय का यह निर्णय कानून व्यवस्था और सार्वजनिक हित की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हिंदू जागरण मंच पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि यह मामला मार्च 2025 से न्यायालय में विचाराधीन था और सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिला उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष को आदेश से असहमति है तो उसके लिए उच्च न्यायालय में अपील का वैधानिक अधिकार उपलब्ध है, लेकिन न्यायालय के आदेश की अवमानना अथवा अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस प्रकार के बयान सहारनपुर जैसे गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे वाले शहर के माहौल को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को कानून और संविधान के दायरे में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए। बैठक में वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि न्यायालय के आदेश का समयबद्ध पालन कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सहारनपुर अमन और भाईचारे का शहर है तथा किसी भी कीमत पर इसकी सामाजिक सौहार्दपूर्ण परंपरा को प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष रामदीप बंसल ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय हिंदू संगठन के जिला अध्यक्ष संदीप वर्मा ने किया। इस अवसर पर संजय चैहान, आशु कुमार, अर्पित त्यागी, श्रावण कुमार पांडे, महेंद्र पाल, अमोघ शर्मा, प्रदीप सिंह, प्रिंस कुमार, अमित कुमार और संचित वत्स सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी संगठनों ने प्रशासन से न्यायालय के आदेश का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करने और शहर में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *