सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में ऐसे दोपहिया और चारपहिया वाहन दौड़ रहे हैं, जिनकी नंबर प्लेट पर वैध पंजीकरण संख्या की जगह वाहन मालिक का नाम, उपनाम या अन्य शब्द लिखे हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस और यातायात विभाग की नजरों के सामने हो रहा है, लेकिन ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई न के बराबर दिखाई देती है।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/
शहर के प्रमुख चैराहों पर हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य नियमों के उल्लंघन पर चालान काटने वाली यातायात पुलिस की सख्ती अक्सर दिखाई देती है, लेकिन नियमों को खुली चुनौती दे रहे नेम प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या ऐसे वाहन पुलिस की नजर में नहीं आते या फिर इन पर कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है। लोगों के अनुसार, वाहन की नंबर प्लेट पर निर्धारित पंजीकरण संख्या के अलावा कुछ भी लिखना मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। इससे दुर्घटना, अपराध या किसी अन्य घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करना भी मुश्किल हो सकता है। शहरवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि नंबर प्लेट के नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का पालन सुनिश्चित हो और किसी को भी नियमों से ऊपर होने का संदेश न मिले।