सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश निर्माण संयुक्त मोर्चा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। रविवार को कोर्ट रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा संस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक एवं पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश के निर्माण के लिए अब राजनीतिक स्तर पर भी संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जनसंख्या की दृष्टि से अत्यधिक बड़ा राज्य है, जिसके कारण कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका दावा था कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की उपेक्षा लंबे समय से होती रही है, इसलिए अलग राज्य का गठन समय की आवश्यकता है। मोर्चा के केंद्रीय महासचिव कर्नल सुधीर और सत्यपाल सिंह यादव ने कहा कि वोट की चोट के माध्यम से पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण कराया जाएगा।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/]उन्होंने कहा कि नया राज्य बनने पर मेरठ को राजधानी और हाईकोर्ट की स्थापना की जाएगी। साथ ही एम्स, आईआईएम, आईआईटी और एनआईटी जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना तथा उद्योगों के विकास से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अशोक मलिक और मंडल अध्यक्ष साबिर अली ने शिक्षा और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर चिंता जताते हुए कहा कि अलग राज्य बनने से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने बताया कि पृथक पश्चिम प्रदेश की मांग को लेकर गांव, नगर और जिला स्तर पर जनसंपर्क अभियान और प्रेस वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित नीरज कपिल, प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी डॉ. अब्दुल खालिक, महानगर प्रभारी अब्दुल सत्तार, अनिल सचदेवा, चैधरी रामचंद्र, अभिनेत्री उर्मिला सनावर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।