सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद से जुड़े प्रशासनिक आदेश के बाद रविवार देर रात मजबूत पार्षद दल के प्रतिनिधिमंडल ने शहर काजी मौलाना नदीम अख्तर से उनके आवास पर मुलाकात कर पूरे प्रकरण पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि मामले में कानून और संविधान के दायरे में रहकर वरिष्ठ अधिवक्ताओं के माध्यम से न्यायालय में मजबूती से पक्ष रखा जाएगा। साथ ही शहर में अमन, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। बैठक के दौरान पार्षद टिंकू अरोड़ा ने कहा कि सहारनपुर की पहचान हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे से रही है। किसी भी संवेदनशील विषय को राजनीतिक रंग देने के बजाय कानून के अनुसार आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत पार्षद दल के सभी सदस्य जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नगर की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस मामले में हरसंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और समाज के जिम्मेदार नागरिकों से एकजुट होकर कानूनी प्रक्रिया का समर्थन करने की अपील भी की। शहर काजी मौलाना नदीम अख्तर ने कहा कि सहारनपुर की सबसे बड़ी पहचान यहां का सौहार्द और आपसी प्रेम है, जिसे हर हाल में बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण में वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिवक्ताओं के सहयोग से पूरी मजबूती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/न्यायपालिका पर भरोसा रखते हुए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे। बैठक में मौजूद पार्षदों और गणमान्य नागरिकों ने भी कहा कि किसी भी विवाद का समाधान न्यायालय और संविधान के दायरे में ही संभव है। सभी ने शहरवासियों से शांति बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा न करने की अपील की। बैठक में पार्षद हाजी गुलशेर, नदीम अंसारी, हाजी फजलुर्रहमान, अब्दुल खालिक, इमरान सैफी, डॉ. एहतेशाम, नितिन जाटव, डॉ. मोहतसीन, फराज अंसारी, फहाद सलीम, कलीम अहमद सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि सहारनपुर की भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए मामले की कानूनी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।