दादा, पोते की हत्या के बाद फिर दहला पवई, घर में घुसकर महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार, इलाके में दहशत

Share
आजमगढ़। थाना पवई क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते दिखाई दे रहे हैं। एक सप्ताह पहले हुए चर्चित दादा और पोते के दोहरे हत्याकांड का खुलासा अभी पूरी तरह हो भी नहीं पाया था कि गुरुवार देर रात पवई कस्बे में एक और सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में अकेली मौजूद एक महिला पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और देर रात तक लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुटी रही।जानकारी के अनुसार पवई कस्बा निवासी 48 वर्षीय दुर्गावती, पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद, गुरुवार रात लगभग 10 बजे अपने घर में अकेली थीं। उन्होंने सुरक्षा के लिए मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। इसी दौरान एक हमलावर किसी तरह घर के भीतर पहुंच गया और महिला पर धारदार हथियार से अचानक हमला बोल दिया। हमलावर ने उनकी गर्दन और हाथ पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गईं।महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण कोई घर के भीतर नहीं जा सका। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पवई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया। जब पुलिस दूसरी मंजिल पर पहुंची तो दुर्गावती गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ी मिलीं। पूरे कमरे में खून फैला हुआ था, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।पुलिस ने तत्काल घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण परिजन उन्हें तत्काल शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।घटना के संबंध में अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी निवासी बृजेश कुमार ने थाना पवई में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बहन दुर्गावती पर पवई कस्बा निवासी सुजीत मौर्या ने धारदार हथियार से हमला किया और घटना के बाद कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की गतिविधियों और आने जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के लोगों और संभावित गवाहों से भी पूछताछ कर रही है।पवई क्षेत्र में लगातार हो रही गंभीर आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले हेवती गांव में हुए दादा और पोते के दोहरे हत्याकांड से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि अब इस जानलेवा हमले ने कानून व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य प्रमाणों के आधार पर हमलावर की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *