भदोही। जनपद की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में नगर में मानस महिला महाविद्यालय को मान्यता प्राप्त हो गई है। प्रेस वार्ता में महाविद्यालय के प्रबंधक सत्याशील गुप्ता एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। महाविद्यालय में सुरक्षित, अनुशासित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बेटियां आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें और भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकें। प्रबंधक सत्यशील गुप्ता एवं अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/इस सत्र में महाविद्यालय को प्राचीन इतिहास, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, हिंदी तथा अंग्रेजी विषयों में मान्यता प्राप्त हुई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय से प्रवेश कराकर उन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ें। प्रेस वार्ता में उपस्थित शिक्षाविदों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने महाविद्यालय की स्थापना को भदोही जनपद की बेटियों के लिए एक सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में महिला शिक्षा को नई दिशा मिलेगी और अधिक से अधिक छात्राओं को उच्च शिक्षा का अवसर प्राप्त होगा। इस मौके पर सुरेंद्र अग्रवाल, विनीत बरनवाल, डॉ.मानवेंद्र प्रकाश मौर्य, डॉ.अरुण कुमार बिंद, अरविंद मौर्य, करुणा शंकर दुबे, सुभाष मौर्य, सलिल श्रीवास्तव, राजेश जायसवाल एवं रामसहाय जायसवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।