जींद। भारतीय रेलवे के इतिहास में 17 जुलाई 2026 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। पीएम मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस उद्घाटन यात्रा का सबसे खास आकर्षण जींद के 200 स्कूली बच्चे होंगे, जिन्हें पीएम मोदी के साथ इस आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन में सफर करने का अवसर मिलेगा। read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/
उत्तरी रेलवे द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक जींद के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में तैयारियां तेज करने को कहा गया है। इस सफर के लिए कुल 200 विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल तैयार किया जा रहा है, जिनके साथ शिक्षक भी मौजूद रहेंगे। क्षेत्र के पांच चुनिंदा स्कूलों में कक्षा 7वीं और 8वीं के बच्चों के लिए हाइड्रोजन ऊर्जा और विकसित भारत विषय पर ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्वयं पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन समारोह के दौरान सम्मानित किए जाने की भी योजना है।सुरक्षा और हाई-प्रोफाइल प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए बच्चों की यात्रा का विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। सभी 200 बच्चे जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में सवार होंगे। ट्रेन में सफर के बाद सभी बच्चों को पांडू पिंडारा स्टेशन पर उतारा जाएगा। वहां से सुरक्षित तरीके से उन्हें सड़क मार्ग के जरिए वापस जींद लाया जाएगा। यह ट्रेन पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित की गई है, जो जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलेगी। इस ट्रेन की शुरुआत के साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा जिनके पास हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक है। यह पूरी तरह ग्रीन एनर्जी पर आधारित है, जिससे प्रदूषण नहीं होगा और यह सिर्फ पानी की भाप छोड़ेगी। 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के साथ ही पीएम मोदी जींद और नरवाना के नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।