वार्ड-54 में घरों में घुसा दो फीट तक पानी, पार्षद गुलशन कलीम ने नगर निगम से स्थायी समाधान की उठाई मांग

Share

सहारनपुर। लगातार हो रही बारिश ने वार्ड संख्या-54 स्थित नूर बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया, जिससे करीब दो फीट तक पानी लोगों के घरों में घुस गया। जलभराव के कारण घरेलू सामान, फर्नीचर, बिस्तर, बर्तन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं को भारी नुकसान पहुंचा है। कई गलियां तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया। वार्ड-54 के पार्षद गुलशन कलीम ने नगर निगम प्रशासन को जारी जनहित अपील में बताया कि नूर बस्ती में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बना भूमिगत नाला करीब 10 फीट गहराई पर है, लेकिन उसमें लगे छोटे आकार के पाइप बार-बार जाम हो जाते हैं। इसके चलते हल्की बारिश में भी पानी की निकासी बाधित हो जाती है और पूरी बस्ती जलमग्न हो जाती है। पार्षद ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। भूमिगत नाले के पाइप का आकार बढ़ाने और जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने की मांग भी कई बार उठाई गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।read more:https://khabarentertainment.in/call-to-embrace-dr-syama-prasad-mookerjees-ideas-bjp-organizes-an-ideological-seminar/ उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि वार्ड-54 की इस गंभीर समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को होने वाली परेशानी और आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। साथ ही जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पाइप डाले जाएं और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। वार्डवासियों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम जनहित को देखते हुए इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *