सहारनपुर। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने राम मंदिर ट्रस्ट पर लगाए गए कथित भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार द्वारा एसआईटी को लिखे गए पत्र का समर्थन करते हुए कहा कि जिन नेताओं ने राम मंदिर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्हें एसआईटी के समक्ष बुलाकर उनके दावों के साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा जाना चाहिए। विकास त्यागी ने कहा कि यदि आरोप लगाने वाले नेताओं के पास ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, अन्यथा झूठे और निराधार आरोपों के लिए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि ऐसे बयान जनता को भ्रमित करने और धार्मिक आस्था को आहत करने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण का प्रतीक है।read more:https://pahaltoday.com/pm-modi-explained-the-importance-of-every-vote-and-said-that-everyone-should-use-their-vote/ मंदिर निर्माण को बदनाम करने के उद्देश्य से लगाए जा रहे आरोप दुर्भावनापूर्ण हैं। त्यागी ने यह भी दावा किया कि दान में दी गई वस्तुओं के गायब होने जैसी बातें निराधार हैं और मंदिर ट्रस्ट के पास सभी वस्तुओं का उचित अभिलेख मौजूद है। विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री के उस बयान का समर्थन किया जिसमें कहा गया है कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसआईटी जांच जारी है और यदि आवश्यकता पड़े तो पूरे मामले की सीबीआई जांच भी कराई जानी चाहिए, ताकि सभी तथ्यों का निष्पक्ष खुलासा हो सके। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए सत्य सामने लाना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार के भ्रम और विवाद का स्थायी समाधान हो सके।