सोनभद्र। महुआवारी में प्रस्तावित विस्थापन के विरोध और सम्मानजनक पुनर्वास की मांग को लेकर चल रहे महुआवारी बचाओ अभियान के तहत रविवार को समृद्धि जन कल्याण संस्थान के नेतृत्व में जनसभा आयोजित की गई। सभा में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने अधिकारों के समर्थन में एकजुटता दिखाई और प्रशासन से पुनर्वास नीति के तहत मूलभूत सुविधाओं से युक्त सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।read more:https://pahaltoday.com/13479-rupees-refunded-to-the-account-of-the-victim-of-cyber-fraud/
जनसभा को संबोधित करते हुए किसान नवजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि आदिवासी परिवारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या अनादर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित परिवारों को पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) नीति के अनुरूप सम्मानजनक पुनर्वास नहीं मिला तो जल्द ही जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। समाजसेवी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और उनकी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। सभा में ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद ही पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। कार्यक्रम में समृद्धि जन कल्याण संस्थान के सिद्धार्थ गुप्ता, जावेद अहमद, महावीर सिंह, अभिनव राजपूत, के.पी. सोनकर, राजू, वाजिद एवं विजय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने अधिकारों और सम्मानजनक पुनर्वास की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।