ललितपुर। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता, सुचिता एवं नकलविहीन वातावरण में सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सभागार में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों तथा कक्ष निरीक्षकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत संवेदनशील है। इसकी शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सजगता एवं कर्मठता के साथ करें तथा परीक्षा के प्रत्येक चरण पर सतर्क निगरानी बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।read more:https://pahaltoday.com/a-unique-initiative-by-the-teachers-of-pm-shri-samvilian-vidyalaya-to-show-family-like-affection-towards-the-students/ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया, केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों एवं मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारियों सहित परीक्षा संबंधी सभी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यूपीटीईटी परीक्षा 2, 3 एवं 4 जुलाई को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं 04 जुलाई, 2026 को केवल प्रथम पाली प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक परीक्षा संपन्न होगी। परीक्षा के लिए जिले में 8 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, ललितपुर, श्री वर्णी जैन इण्टर कॉलेज, ललितपुर, नेहरू महाविद्यालय ललितपुर पार्ट-1, नेहरू महाविद्यालय ललितपुर पार्ट-2, राजकीय इण्टर कॉलेज, ललितपुर, नगर पालिका बालिका इण्टर कॉलेज, ललितपुर, रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय, ललितपुर, पी०एन०३०का०, ललितपुर शामिल हैं, जिनमें कुल 15481 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।परीक्षा को नकलविहीन व सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी ने 8 केन्द्र व्यवस्थापक, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 8 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 8 सहायक केन्द्र व्यवस्थापक, 16 परीक्षा सहायक, 290 अंतरिक्षक नामित किए हैं, साथ ही 108 अंतरीक्षक संस्था द्वारा नामित किए गए हैं।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यूपीटीईटी-2026 को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सतत निगरानी रखी जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, जीआईसी के प्रधानाचार्य, सभी परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।