बहराइच (महसी/कैसरगंज)l जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना रामगांव व कैसरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पहली घटना में शनिवार की रात स्वॉट टीम और थाना रामगांव पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाश बाइक से भकला गोपालपुर की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने अकिलापुर चौराहा-भकला गोपालपुर मार्ग पर घेराबंदी की। संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान फिरोज पुत्र फौजदार निवासी मुड़कटी, थाना बौंडी के रूप में हुई। उसका एक साथी मुल्कराज मौके से फरार हो गया था। फिरोज के पास से नकदी, सोने के जेवर, मोबाइल और अवैध तमंचा बरामद हुआ।वहीं दूसरी घटना में थाना कैसरगंज क्षेत्र के रुकनापुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मुल्कराज पुत्र श्याम बिहारी निवासी रायपुर भैसवा, थाना बौंडी के रूप में हुई। उसके पास से भी चोरी का सामान, नगदी और अवैध असलहा बरामद हुआ।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर चोर हैं और थाना बौंडी के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और इनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि 25 जून को हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश असलम के गिरोह के ही ये सदस्य हैं।फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, पुलिस पर हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से जिले में चोरी की घटनाओं में कमी आएगी।