बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग (BIL), देहरादून में स्व-गणना के प्रति जागरूकता हेतु विशेष अभियान आयोजित

Share

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निदेशालय जनगणना कार्य, उत्तराखंड द्वारा बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग, देहरादून में विशेष जागरूकता एवं स्व-गणना अभियान आयोजित किया गया।इस अवसर पर निदेशक, निदेशालय जनगणना कार्य, उत्तराखंड, श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में उप निदेशक श्री आर.के. बनवारी उपस्थित रहे। उन्होंने संस्थान के विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को जनगणना-2027 के महत्व तथा स्व-गणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।अधिकारियों द्वारा बताया गया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर स्वयं एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल एवं सुविधाजनक है, जिसके माध्यम से नागरिक जनगणना प्रक्रिया में सीधे भागीदारी कर सकते हैं।इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं संस्थान के कार्मिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया तथा ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के विभिन्न चरणों से अवगत कराया गया। साथ ही, प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।निदेशालय द्वारा संस्थान के सभी विद्यार्थियों एवं कार्मिकों से अपील की गई कि वे स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *