भदोही। डीएम शैलेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं पोषण मिशन की बैठक हुई। जिसमें जनपद में संचालित पोषण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलने वाले ‘संभव अभियान’ की तैयारियों पर चर्चा करते हुए डीएम ने सभी सहयोगी विभागों को अपने निर्धारित इंडिकेटरों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान डीएम ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके क्षेत्र के हर आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंच मार्ग, भवन की पेंटिंग, विद्युत व्यवस्था, पंखा, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। प्रत्येक केंद्र की अद्यतन रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी और संबंधित बीडीओ के समन्वय से 2 दिन के भीतर तैयार कराई जाए। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर निरीक्षण रजिस्टर भी 2 दिन में उपलब्ध कराने को कहा।read more:https://pahaltoday.com/raja-singh-gave-five-tips-to-the-forest-dwellers-to-face-the-challenges/उन्होंने कहा कि सीडीपीओ या सुपरवाइजर जब भी केंद्रों का निरीक्षण करें तो रजिस्टर में बिंदुवार आख्या अंकित करें, ताकि अगली समीक्षा में कमियों का निराकरण हो सके। डीएम ने कहा कि पोषण मिशन की सभी योजनाओं में और तेजी लाते हुए बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध व प्रभावी ढंग से मिले। कुपोषण मुक्त जनपद का लक्ष्य तभी मिलेगा जब सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी से कार्य करेंगे। 0-5 वर्ष बच्चों के वजन-लंबाई मापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुष्टाहार वितरण की समीक्षा हुई। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पुष्टाहार डोर-स्टेप व्यवस्था से दिया जा रहा है। नई होम डिलीवरी प्रणाली में लाभार्थियों को ओटीपी आधारित वितरण मिलेगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की प्रगति पर बताया गया कि गत माह 25 गंभीर कुपोषित बच्चों को भर्ती कर उपचार व पोषण सुविधाएं दी गईं। डीएम ने गंभीर कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी कर समयबद्ध उपचार के निर्देश दिए।इस मौके पर सीएमओ डॉ.संतोष चक, बीएसए शिवम पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश त्रिपाठी, सभी बीडीओ व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।