बाराबंकी। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल विपक्ष का राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। उनका कहना था कि अब देश में इंसानों के बाद भगवान के साथ भी धोखाधड़ी हो रही है। तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि सरकार पूरे मामले में लीपापोती कर रही है। आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी सैकड़ों एफआईआर देखी हैं, जो केवल मामलों को रफा-दफा करने और ठंडे बस्ते में डालने के लिए दर्ज की जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण का सरकार को गंभीर राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में मुख्य भूमिका निभाने वाले चंपत राय और अनिल मिश्रा का केवल इस्तीफा हुआ है,read more:https://pahaltoday.com/mandal-president-celebrated-the-foundation-day-of-bjp/जबकि उनके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल इस्तीफा देने से क्या होगा। उनके अनुसार, दोनों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण के बिना इतना बड़ा मामला संभव नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि सरकार में कौन लोग कथित रूप से संबंधित व्यक्तियों को संरक्षण दे रहे हैं। तनुज पुनिया ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर में आने वाले चढ़ावे का उपयोग भाजपा चुनावी खर्च के लिए कर रही थी। उनके मुताबिक सरकार ने इस व्यवस्था को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है और मंदिर के चढ़ावे से धन जुटाकर चुनाव में खर्च करती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई केवल निचले स्तर के लोगों के खिलाफ होगी, जबकि मुख्य लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।