भदोही। हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम व कर्बला के शहीदों की याद में मनाए जाने वाले पर्व मोहर्रम की 9वीं तारीख गुरुवार को नगर सहित जिले में इमाम चौक पर ताजिया रखने का सिलसिला देर शाम से शुरू हो गया। देर रात तक नगर के विभिन्न मोहल्लों से ताजिया ढोल-ताशे और ‘या हुसैन-या हुसैन’ के नारों के साथ इमाम चौक पहुंचते रहे। अकीदतमंदों ने ताजिया की जियारत कर फातिहा पढ़ी और तबर्रुक भी बांटे गए। कालीन नगरी भदोही में मोहर्रम का पर्व बेहद अकीदत और एहतराम से मनाया जाता है। नगर में छोटे-बड़े लगभग 100 ताजिया का जुलूस निकलता है। 9वीं मोहर्रम को सभी ताजिया इमाम चौक पर रखे जाते हैं। गुरुवार को 9वीं मोहर्रम होने के कारण देर शाम से ताजिया इमाम चौक पर बैठाने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चला। 10वीं मोहर्रम यानी शुक्रवार को यौम-ए-आशुरा पर नगर में ताजिया का जुलूस निकलेगा। इसमें हजारों-हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।read more:https://pahaltoday.com/sukesh-chandrashekhar-granted-bail-in-rs-200-crore-money-laundering-case/ जुलूस के दौरान ‘या हुसैन-या हुसैन’, ‘नारे तकबीर-अल्लाहु अकबर’ की सदाएं बुलंद की जाएंगी। ताजिया जुलूस को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे। जुलूस पर पैनी नजर रखने के साथ सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।