सीबीएचआई रिपोर्टिंग में शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

Share

सोनभद्र। केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो (सीबीएचआई), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की उप निदेशक दीक्षा सचदेवा (आईएसएस) के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में सीबीएचआई रिपोर्टिंग से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने की।
बैठक में उप निदेशक दीक्षा सचदेवा ने ब्लॉक अधीक्षकों, प्रभारी चिकित्साधिकारियों एवं फार्मासिस्टों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ चिकित्सालयों से प्राप्त रिपोर्टों में केवल मरीजों का नाम और आयु दर्ज की जा रही है, जबकि रोग का निदान (डायग्नोसिस) अंकित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने संचारी एवं गैर-संचारी रोगों से संबंधित आंकड़ों की शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर निर्धारित प्रारूप में सूचनाओं का संकलन कर राज्य स्तर पर भेजा जाए तथा जिला स्तर से भी समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट प्रेषित की जाए। इससे स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों का सही विश्लेषण और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।read more:https://pahaltoday.com/voluntary-childlessness-the-need-of-the-hour/ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक ओपीडी पर्ची एवं ओपीडी रजिस्टर में रोग का स्पष्ट निदान अंकित करें। साथ ही ओपीडी समाप्त होने के बाद प्रतिदिन निदानवार सारांश भी रजिस्टर में दर्ज किया जाए, जिससे रिपोर्टिंग प्रक्रिया अधिक सटीक और प्रभावी बन सके। बैठक में समस्त फार्मासिस्टों को निर्देशित किया गया कि वे ओपीडी रजिस्टर को प्रतिदिन की डायग्नोसिस रिपोर्ट के अनुरूप व्यवस्थित रखें, ताकि सीबीएचआई पोर्टल पर सही एवं गुणवत्तापूर्ण सूचनाएं अपलोड की जा सकें। इस अवसर पर उप निदेशक दीक्षा सचदेवा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी अभिषेक सिंह एवं स्वाती सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी बीबीडी डॉ. प्रेम नाथ, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस. यादव, जिला मलेरिया अधिकारी धर्मेन्द्र नारायण श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सूबेदार प्रसाद, जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. बी.के. श्रीवास्तव, डॉ. गणेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *