बड़हलगंज, गोरखपुर। थाना क्षेत्र के मरचीपार खुर्द गांव में खेत में पानी चला रहे एक युवक पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद एवं तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मरचीपार खुर्द निवासी विशाल पासवान पुत्र घोषन पासवान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात करीब 10:30 बजे वह अपने खेत में पानी चला रहा था। आरोप है कि इसी दौरान साहिल पुत्र इन्द्रदेव पासवान निवासी सिसवा, अर्जुन व भीम पुत्रगण रमेश पासवान, नवनीत पासवान पुत्र कोमल पासवान तथा तीन अज्ञात व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा व रॉड लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।read more:https://pahaltoday.com/trees-and-plants-are-the-foundation-of-human-life-shekhar-hayaran/पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर उसके पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपितों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे इन्द्रजीत गुप्ता तथा संदीप पासवान को भी मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। मारपीट में घायल हुए पिता की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 191(2 ), 110 , 115(2) , 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।थानाध्यक्ष सुनिल राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।