बिजनौर। शहर के नजीबाबाद रोड स्थित एक कथित अवैध व्यावसायिक निर्माण को लेकर एक नागरिक ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित निर्माण को विकास प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2023 में ही गैर-समायोज्य (नॉन-कम्पाउंडेबल) घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि एक हॉस्पिटल के पास स्थित उक्त निर्माण के संबंध में पिछले तीन वर्षों से विभिन्न माध्यमों से शिकायतें की जा रही हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता द्वारा निर्माण को अवैध घोषित किए जाने के बाद भी नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया लंबित रखी गई तथा निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री कार्यालय और आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का भी उल्लेख किया है। read more:https://pahaltoday.com/school-chalo-campaign-increased-awareness/ उनका आरोप है कि विभाग द्वारा एक न्यायालय वाद का हवाला दिया जा रहा है, जबकि वह वाद दिसंबर 2025 में निस्तारित हो चुका है और वर्तमान में निर्माण के संबंध में कोई स्थगन आदेश (स्टे) प्रभावी नहीं है। जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने तथा अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो नियमों की अनदेखी का गलत संदेश जाएगा।
प्रशासन की ओर से मामले में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।