अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर और आमजन की सुविधा के अनुरूप हों : बिर ला

Share

कोटा, । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कोटा स्थित नवीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार, जांच और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में बिरला ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज संतुष्ट होकर लौटे, यह अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि यहां आने वाली हर प्रसूता और नवजात की सुरक्षा हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुपोषित माँ अभियान भी इसी सोच और संकल्प के साथ शुरू किया गया था। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि वर्तमान एमआरआई मशीन काफी पुरानी हो चुकी है। इस पर बिरला ने नई एमआरआई मशीन के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट में मेडिकल गैस पाइपलाइन की व्यवस्था के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने जांच सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक उपकरणों तथा आधारभूत ढांचे से जुड़े प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी, नई तकनीक और नवाचारों के अधिक उपयोग से अस्पताल प्रबंधन को और प्रभावी बनाने को कहा। मरीजों से सीधे लिया फीडबैक दौरे के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने वार्डों, विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा इकाइयों, कैथ लैब, पैथोलॉजी लैब, एमआरआई, एक्स-रे, डोप्लर मशीन सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। अस्पताल अधीक्षक ने उन्हें स्वीकृत बेड, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ तथा उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। साथ ही एमबीएस अस्पताल और जेके लोन अस्पताल में उपलब्ध मैनपावर एवं अन्य व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया। पंजीकरण से दवा वितरण तक व्यवस्था हो आसान लोकसभा अध्यक्ष ने आउटडोर में मरीजों के पंजीकरण से लेकर जांच और दवा वितरण तक की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी प्रक्रिया जटिल है, उसे सरल बनाया जाए। मरीजों को लंबी कतारों में इंतजार न करना पड़े, इसके लिए क्यू मैनेजमेंट सिस्टम को और बेहतर बनाया जाए तथा आवश्यकता होने पर पंजीकरण काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को नए काउंटरों के निर्माण का प्रस्ताव और लागत अनुमान शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/tragic-road-accident-in-payagpur-young-water-supplier-dies-family-in-shock/केडीए, निगम और पीडबल्यूडी विभाग को दिए निर्देश बिरला ने पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और केडीए अधिकारियों को अस्पताल प्रशासन के साथ समन्वय कर परिसर में सीसी सड़क, उद्यान, प्रवेश द्वार, नए वार्ड, नए काउंटर तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में चौबीसों घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। यदि सफाईकर्मियों की कमी है तो उसका प्रस्ताव तत्काल भेजा जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *