गाजीपुर। शोध केन्द्र पी०जी० कालेज मलिकपुरा, गाजीपुर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत जारी शासनादेश के अनुपालन में पी-एच.डी. प्रवेश सत्र-2024 के कोर्सवर्क का विधिवत शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो० पंकज कुमार सिंह ने वर्तमान समय में प्री-पी-एच.डी. कोर्सवर्क की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए शोधार्थियों का विषय की मूल अवधारणाओं से गहराई से जुड़ना आवश्यक है।read more:https://pahaltoday.com/pickup-vehicle-loaded-with-stolen-iron-rods-recovered-two-arrested/ वरिष्ठ प्राध्यापक डा० दिनेश कुमार सिंह ने अनुसंधान से पूर्व कोर्सवर्क की आवश्यकता एवं शोध प्रतिवेदन की उपयोगिता पर बीज वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि शोध कार्य केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और ज्ञान-विज्ञान के विकास का सशक्त आधार है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० दिवाकर सिंह ने शोधार्थी एवं शोध निर्देशक के मध्य आपसी सामंजस्य को शोध की सफलता का प्रमुख आधार बताया। उन्होंने शोध कार्य के सार्थक एवं क्रमिक विकास पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान करने में शोध संयोजक प्रो० चन्द्रभान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं धन्यवाद ज्ञापन डा० शिव प्रताप यादव ने किया। मंच संचालन का दायित्व डा० पूजा साहू ने निभाया। कार्यक्रम के दौरान शोधार्थियों में शोध कार्य को लेकर विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली। महाविद्यालय परिवार ने इसे उच्च शिक्षा एवं शोध की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।