जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, प्रगणकों को बांटी गई किट और नियुक्ति पत्र

Share
गाजीपुर जमानियां। आगामी जनगणना 2027 को लेकर तहसील प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आधिकारिक किट, नियुक्ति पत्र और आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक तथा तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने कर्मचारियों को जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/the-attack-is-not-on-lawyers-but-on-the-constitution-and-the-dignity-of-the-judiciary/उपजिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर सही और सटीक जानकारी संकलित करें तथा आमजन को भी जनगणना के प्रति जागरूक करें। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।  एसडीएम ने बताया कि 22 मई से जनगणना का पहला चरण “मकान सूचीकरण एवं गणना” प्रारंभ होगा, जो 20 जून तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में प्रगणक डोर-टू-डोर पहुंचकर मकानों की स्थिति, परिवारों की संख्या और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान नागरिकों से करीब 33 से 34 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी, जिसमें आवासीय स्थिति, सुविधाएं और अन्य आवश्यक विवरण शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सत्यापन का कार्य भी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र, मैनुअल, ले-आउट मैप, पेन-पेंसिल सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक भरना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रखी जाए। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *