सोशल मीडिया पर हत्या की धमकी से दहशत, गौ रक्षा दल प्रमुख ने मांगी सुरक्षा

Share
सहारनपुर। कस्बा छुटमलपुर में रुद्र गौ रक्षा दल के प्रमुख सोना पंडित को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद सोना पंडित ने थाना फतेहपुर पहुंचकर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राणा को तहरीर देते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/childhood-extinguished-in-the-fire-of-enmity-the-brutal-murder-of-an-8-year-old-boy-in-bahraich-has-caused-a-sensation/जानकारी के अनुसार पंजाबी कॉलोनी निवासी सोना पंडित को गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर गोली मारने की धमकी दी गई। धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट भी सामने आया है, जिसे पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सौंप दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और समर्थकों में रोष देखा गया। सोना पंडित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह लंबे समय से रुद्र गौ रक्षा दल के माध्यम से गोकशी और गो तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते आ रहे हैं। इसी कारण वह गो तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के निशाने पर हैं। उन्होंने आशंका जताई कि धमकी देने वाले लोग उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। बताया गया कि इससे पहले 19 अप्रैल को भी उन पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि अज्ञात सफेद कार सवार लोगों ने उन्हें टक्कर मारकर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस मामले में भी थाना फतेहपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस जांच कर रही है। अब दोबारा सोशल मीडिया के माध्यम से मिली धमकी के बाद सोना पंडित और उनके परिवार में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया अकाउंट और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *