नकुड़ (सहारनपुर)। बुधवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने नकुड़ क्षेत्र में व्यापक नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। वहीं नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में एक दुकानदार की टिन शेड पर पेड़ गिरने से भारी नुकसान हुआ। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/chief-minister-vijay-won-the-trust-vote-in-the-tamil-nadu-assembly/नगर के बस स्टैंड पर दुकान करने वाले जॉनी राणा ने बताया कि देर रात अचानक तेज आंधी शुरू हो गई, जिसके चलते उनकी दुकान की टिन शेड पर एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। हादसे में टिन शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दुकान का सामान भी प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं जुड़ी रोड स्थित गोगा महाड़ी मंदिर परिसर में भी आंधी का असर देखने को मिला। मंदिर से जुड़े भगत सोनू कश्यप ने बताया कि तेज तूफान के कारण शिव मंदिर की दीवार टूट गई, जिससे मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचा है। तेज आंधी के चलते सहारनपुर-फंदपुरी मार्ग पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। देर रात सहारनपुर से लौट रहे राहगीर आसु प्रभात ने बताया कि फंदपुरी के पास सड़क पर बड़े पेड़ गिरे होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तथा जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। आंधी-तूफान के बाद तहसील प्रशासन भी सक्रिय नजर आया। विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए लेखपालों को मौके पर भेजा गया है। एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शासन के नियमानुसार प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश और आंधी के मौसम को देखते हुए कमजोर पेड़ों और जर्जर संरचनाओं की समय रहते जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।