फर्रुखाबाद, कालिंदी एक्सप्रेस के प्रस्तावित रूट डायवर्जन को लेकर जनपद में विरोध तेज होता जा रहा है। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों ने सांसद मुकेश राजपूत से मुलाकात कर कालिंदी एक्सप्रेस का संचालन पूर्व की भांति फर्रुखाबाद से ही जारी रखने की मांग उठाई। साथ ही फर्रुखाबाद से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन संचालित किए जाने की मांग भी की गई।जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री एवं युवा जिलाध्यक्ष संदेश अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कालिंदी एक्सप्रेस जनपद के हजारों यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों एवं नौकरीपेशा लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण ट्रेन है। यदि ट्रेन का रूट डायवर्ट किया गया तो लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि फर्रुखाबाद जैसे बड़े जनपद को बेहतर रेल सुविधाएं मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सांसद से जनहित में प्रभावी पहल करने की मांग की।सांसद मुकेश राजपूत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया जाएगा और कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद से ही संचालित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापार मंडल की मांगों को अपने लेटर पैड पर लिखवाकर रेल मंत्री को भी प्रेषित किया।सांसद के सकारात्मक रुख से व्यापारियों में संतोष दिखाई दिया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/adm-chaired-a-review-meeting-on-wheat-procurement/इस दौरान युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, युवा जिला चेयरमैन ऋषि बंसल, युवा जिला उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, जिला मंत्री अर्पण अग्रवाल, नितिन गुप्ता, रिंकू गुप्ता, सागर कश्यप, प्रतीक गुप्ता, राजकुमार सिंह, अमित वर्मा एवं मोहित बागड़ी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।