शिक्षामित्रों का बढ़ा मानदेय, सम्मान समारोह में मिला गौरव

Share
गाजीपुर ।
जनपद गाजीपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को भव्य ‘शिक्षामित्र सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न ब्लॉकों से आए सैकड़ों शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर एवं विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवन्त द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर से किया गया, जिसका लाइव प्रसारण सभागार में देखा गया।read more:https://khabarentertainment.in/angry-over-not-receiving-honorarium-village-employment-officer-akash-tripathi-resigned/कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा विभाग की रीढ़ बताते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अल्प मानदेय पर उनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्णय के तहत लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उनका मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। जनपद गाजीपुर में 2566 शिक्षामित्रों को अप्रैल 2026 से बढ़ा हुआ मानदेय लागू कर दिया गया है, जिसका भुगतान मई माह से उनके खातों में सुनिश्चित किया गया है।विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवन्त ने कहा कि शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे अधिक समर्पण के साथ शिक्षण कार्य कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षक-छात्र अनुपात को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।समारोह के दौरान ‘प्रतिभा सम्मान’ के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने वाले शिक्षामित्रों को अंगवस्त्र, प्रतीकात्मक चेक एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व पर आधारित लघु नाटिका और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम शिक्षामित्रों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे तनावमुक्त होकर बेहतर शिक्षण कार्य कर सकेंगे और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।इस अवसर पर जखनियां विधायक बेदी राम, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) आलोक कुमार, जिला समन्वयक प्रशिक्षण सर्वजीत यादव, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश प्रताप सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *