बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दोपहर करीब 12रू30 बजे लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर छबील चौकी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तालुकदार पुरवा गुरखापुर निवासी 55 वर्षीय योगेंद्र सिंह अपने पुत्र आनंद सिंह के साथ अर्टिगा कार (यूपी 32 क्यूवाई 9575) से लखनऊ से दवा लेकर घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार छबील चौकी के पास पहुंची, अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार एक पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चला रहे आनंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पिता योगेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को कार से बाहर निकाला गया।read more:https://pahaltoday.com/asp-shubham-agarwal-conducted-the-half-yearly-inspection-of-chauri-police-station/108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने योगेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। आनंद सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया है। लोनीकटरा थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल का इलाज लखनऊ में चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार पर टूटे इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।