सहारनपुर। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जनपद के चर्चित दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि थाना मिर्जापुर, बड़गांव, सर्विलांस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियारों के साथ दो कारें भी बरामद की हैं।read more:https://pahaltoday.com/makanpur-sharif-former-head-ruman-siddiqui-reached-the-court-of-hazrat-syed-badiuddin-zinda-shah-madar/प्रेस वार्ता में SSP ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 की रात ग्राम रजापुर नौगावा क्षेत्र के रजवाहे में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। इस संबंध में ग्राम प्रधान शहजाद की तहरीर पर थाना मिर्जापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से पहचान कराते हुए मृतका की शिनाख्त राखी निवासी बागपत के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो अभियुक्तों कपिल और सुधारस को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि पहले उन्होंने विक्रांत नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की थी, जिसका शव बड़गांव क्षेत्र में बरामद हुआ था। यह हत्या मथुरा में एक प्लॉट विवाद को लेकर की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि राखी और विक्रांत के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान ब्लैकमेलिंग और आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने विक्रांत की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया। बाद में जब राखी द्वारा इस मामले को उजागर करने की आशंका बढ़ी तो दोनों आरोपियों ने मिलकर उसकी भी हत्या की साजिश रची। योजना के तहत आरोपियों ने राखी को पार्टी के बहाने सहारनपुर बुलाया और फतेहपुर कलां क्षेत्र के एक फार्महाउस में ले जाकर हथौड़े और चाकू से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कपड़ों में लपेटकर रजवाहे में फेंक दिया गया, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर लाइसेंसी पिस्टल, एक हथौड़ा, एक चाकू, खून से सनी टीशर्ट, टाटा नैक्सोन और टाटा अल्ट्रोज कार सहित तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। SSP अभिनंदन ने बताया कि इस पूरे मामले में पुलिस की सतर्कता और टीमवर्क से दोहरे हत्याकांड का सफल अनावरण संभव हो सका है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्रवाई की व्यापक चर्चा हो रही है।