सर्व शिक्षा अभियान के तहत महुआपार संकुल में निकली जागरूकता रैली, “सब पढ़े सब बढ़े” का दिया संदेश

Share

राजीव जायसवाल बड़हलगंजःसर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत संकुल महुआपार के विभिन्न विद्यालयों द्वारा शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक भव्य सामूहिक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली खंड शिक्षा अधिकारी मनोजीत राव के निर्देशन में निकाली गई, जिसे हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया गया।
रैली में प्राथमिक विद्यालय कोडारी, भीटी दुबे, महुलिया पोयल, महुलिया खुर्द, कंपोजिट विद्यालय महुआपार तथा कंपोजिट विद्यालय पोहिला सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर “शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का तुम करो जतन”, “सब पढ़े सब बढ़े” और “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ महुआपार ग्राम सभा एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण किया। read more:https://pahaltoday.com/awareness-campaign-launched-in-ghazipur-under-mission-shakti-phase-5-0-anti-romeo-team-active/
रैली के दौरान अध्यापकों ने अभिभावकों से संवाद स्थापित करते हुए अपने बच्चों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व को बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव होता है। भ्रमण के उपरांत सभी बच्चे, अभिभावक एवं शिक्षक विद्यालय परिसर में एकत्रित हुए, जहां खंड शिक्षा अधिकारी मनोजीत राव ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि सरकार 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा के साथ-साथ पुस्तकें, जूते, मोजे, स्वेटर एवं मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह सके। इस अवसर पर महुआपार संकुल की प्रधानाध्यापक सत्यवती राय सहित सदाशिव मिश्र, सदानंद दुबे, शशिकला तिवारी, सुधाकर साही, श्रीप्रकाश राय, विनोद चौधरी, सुशील प्रसाद, अंजू राय, हेमलता सिंह, रोहित जायसवाल, विजय कुमार, मायाराज समेत कई सहायक अध्यापक उपस्थित रहे। रैली ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अभिभावकों को बच्चों के भविष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *