बाराबंकी। तहसील फतेहपुर में पत्रकार विजयराम जयसवाल (45) का सोमवार दोपहर लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे पांच दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। विजयराम जयसवाल पिछले पांच दिनों से अस्वस्थ थे और उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था। परिवार और शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे, लेकिन सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। फतेहपुर कस्बे में सूचना मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में दुख फैल गया। स्वर्गीय जयसवाल अपने मिलनसार स्वभाव, निष्पक्ष पत्रकारिता और समाज के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और आमजन की आवाज को मंच प्रदान किया। उनकी सादगी और व्यवहार कुशलता के कारण वे हर वर्ग में लोकप्रिय थे।read more:https://pahaltoday.com/oil-has-run-out-over-400-petrol-pumps-in-andhra-pradesh-shut-down/
उनके निधन से न केवल पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक सजग और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है। उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। विजयराम जयसवाल अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। नगर के विभिन्न संगठनों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।