गाज़ीपुर । आगामी दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए पुलिस लाइन गाज़ीपुर में शुक्रवार को पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में आयोजित इस रिहर्सल में प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन, समर्पण और उत्साह का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।read more:https://pahaltoday.com/bjp-government-is-being-formed-in-bengal-will-win-110-seats-in-the-first-phase-shah/
रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी लेकर सूक्ष्म निरीक्षण किया। मार्च पास्ट के समय रिक्रूट्स ने बैंड की मधुर धुन पर कदमताल करते हुए शानदार तालमेल और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया, जो उनके कठोर प्रशिक्षण की झलक साफ तौर पर दिखाता है। निरीक्षण के बाद एसपी डॉ. ईरज राजा ने रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य में कर्तव्यनिष्ठ, सतर्क और जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिसकर्मी बनने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही उन्होंने आगामी मुख्य समारोह को सफल और त्रुटिहीन बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने परेड ग्राउंड की व्यवस्थाओं, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।