गाजीपुर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जानकारी दी गई कि लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।read more:https://khabarentertainment.in/shruti-sharma-of-bijnor-became-cdo-of-hapur/जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पंडाल, पेयजल और धूप से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक पाली में 4512 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा सहायकों की नियुक्ति भी कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। बैठक में गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन, बायोमेट्रिक सत्यापन और विभिन्न परीक्षा प्रपत्रों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे यह सुनिश्चित करें कि अभ्यर्थियों को दी गई ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र का क्रमांक समान हो। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, एसपी सिटी राकेश मिश्रा सहित सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।