भदोही। बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नया इतिहास रच दिया है। कम्पोजिट स्कूल धनापुर, विकास खंड ज्ञानपुर की छात्राओं की टीम, जिसने हाल ही में कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित वर्ल्ड स्कूल टीम चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, अब 22 अप्रैल से सीतापुर में शुरू होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य शतरंज चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करेगी। छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है। टीम में वंशिका मौर्य, सुनैना, आराधना कुमारी और काजल शामिल हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली इन छात्राओं ने अपनी लगन, अनुशासन और अथक परिश्रम से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में इन बच्चियों ने 8 राउंड मुकाबले खेले और 8 अलग-अलग देशों की टीमों से शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि उज़्बेकिस्तान और सिंगापुर जैसी मजबूत टीमों को ड्रॉ पर रोककर उन्होंने अपनी क्षमता का लोहा मनवाया। जब ये नन्हीं खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने गांव लौटीं तो उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। छात्राओं की इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने छात्राओं से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने बच्चियों को शतरंज घड़ी और चॉकलेट उपहार स्वरूप प्रदान किया तथा आगे भी निरंतर मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन बेटियों ने भदोही और बेसिक शिक्षा विभाग को नई पहचान दिलाई है। साथ ही अपने परिवार, शिक्षकों और जिले का मान-सम्मान बढ़ाया है।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा है और साबित करती है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय भी उपस्थित रहे। अब सभी की निगाहें सीतापुर में होने वाली राज्य शतरंज चैम्पियनशिप पर टिकी हैं, जहां ये बेटियां एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने को तैयार हैं।