भारत विश्व में फल-सब्जियों का सबसे बड़ा उत्पादक देश, उत्पादन में 5 राज्य शामिल

Share

-सब्जी उत्पादन में यूपी सबसे ऊपर, फलों में आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सबसे आगे नई दिल्ली। सब्जियां जो विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती । ये न केवल हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं बल्कि हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाती हैं। मौसम के मुताबिक कई सब्जियों का सेवन किया जाता है।इनकी व्यापक खपत के कारण, भारत में सब्जियों का उत्पादन भी बड़े पैमाने पर होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत विश्व में फल और सब्जियों का सबसे बड़ा उत्पादक देश है। रिपोर्ट के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2024-25 में देश में सब्जियों का कुल उत्पादन 21.967 करोड़ टन था। यह आंकड़ा दर्शाता है कि भारत वैश्विक खाद्य सुरक्षा में एक अहम भूमिका निभाता है। खास बात यह है कि इस विशाल उत्पादन में कुछ विशेष राज्यों का अहम योगदान है, जो पूरे देश की जरूरतों को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में सब्जियों के उत्पादन की कमान मुख्य रूप से पांच राज्यों के हाथों में है। इस सूची में यूपी सबसे ऊपर पर है, जो अपनी उपजाऊ भूमि और कुशल कृषि पद्धतियों के लिए जाना जाता है। इसके बाद पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात आते हैं। इन राज्यों की अनुकूल जलवायु परिस्थितियां और मिट्टी की गुणवत्ता इन्हें देश का वेजिटेबल हब बनाती हैं। इन्हीं राज्यों से आने वाली सब्जियों से भारतीय मंडियां गुलजार हैं, जिससे देश के कोने-कोने तक ताजा सब्जियां पहुंचती हैं। सब्जियों के साथ-साथ फलों के उत्पादन में भी भारत दुनिया में अग्रणी है। 2024-25 में फलों का कुल उत्पादन 11.451 करोड़ टन रहा। फलों की खेती के मामले में आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सबसे आगे हैं। इन राज्यों में आम, अंगूर, संतरे जैसे कई फलों की बंपर पैदावार होती है। इनके बाद यूपी, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु का नंबर आता है, जो फलों की विविधता और उपलब्धता में अहम योगदान देते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक हरी सब्जियां हमारे पोषण का पावरहाउस मानी जाती हैं। इनमें विटामिन ए, सी, के, आयरन और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की ऊर्जा और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। पालक और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों में आयरन की प्रचुरता हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने और कमजोरी को दूर करने में मदद करती है। ये हृदय स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं, क्योंकि ये कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करती हैं, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम घटता है। विटामिन ए की उपस्थिति आंखों की रोशनी को बेहतर बनाती है। इसके अतिरिक्त हरी सब्जियां वजन नियंत्रण में भी सहायक होती हैं क्योंकि इनमें कैलोरी कम और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *