पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्मार्ट मीटर सहित विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य में किसी प्रकार का भ्रम न रहे, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके अंतर्गत पम्पलेट तैयार कर ग्रामों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किए जाएं तथा व्यापक रूप से वितरित किए जाएं। साथ ही टोल फ्री नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली चौपालों में स्मार्ट मीटर एवं विद्युत विभाग की विभिन्न योजनाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाए। बैठक में यह जानकारी दी गई कि मीटर बदलने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है, जबकि नए कनेक्शन हेतु निर्धारित शुल्क देय होता है। झट-पट पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल अथवा जनसेवा केंद्र के जरिए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। बैठक में टोल फ्री नंबर 1912 एवं स्मार्ट मीटर हेल्पलाइन नंबर 9216077231, 9216077232 के संबंध में जानकारी दी गई, जिन पर कॉल कर उपभोक्ता अपनी शिकायतों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग से संबंधित अन्य शिकायतों के निस्तारण में भी समयबद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे द्वारा भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी सहित समस्त अधिशासी अभियंता एवं उपखंड अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि समस्त उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी जूम के माध्यम से बैठक में जुड़े।